महुआ ग्रुप के खाते में अब पैसे नहीं हैं. महुआ प्राइवेट लिमिटेड बुरे दौर से गुजर रहा है. कंपनी द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए हैं. खबर है कि बिहार के महुआ स्ट्रिंगरों की होली बनाने के नाम पर ये चेक बांटे गए थे, पर उनकी होली मनने की बजाय कंपनी का ही दिवाला निकलता दिख रहा है. अभी तक जो सूचना मिली है उसके अनुसार कई स्ट्रिंगरों के चेक बाउंस हुए हैं. कारण बताया गया है कि एकाउंट में पर्याप्त पैसा नहीं है.
कंपनी ने अपने बिहार के स्ट्रिंगरों को पिछले चार माह से पैसा नहीं दिया था, जिसके चलते स्ट्रिंगर भी अच्छी खबरें भेजने से परहेज कर रहे थे. बताया जा रहा है कि प्रबंधन इन स्ट्रिंगरों का बकाया चुकाने का आश्वासन पिछले काफी समय से दे रहा था. इस बीच महुआ के आउटपुट हेड रंजीत कुमार 26 फरवरी को पटना पहुंचे तथा बिहार के स्ट्रिंगरों की मीटिंग ली. इसी मीटिंग में उन्होंने यह चेक सभी को दिए. इस दौरान कहा गया कि यह आपलोगों की होली को ध्यान में रखते हुए दिया जा रहा है.
बताया जाता है कि अपना बकाया मिलने के बाद स्ट्रिंगर काफी खुश थे. स्ट्रिंगरों को ये आश्वासन भी दिया गया कि अब से उन्हें हर दो महीने बाद ही उनके पैसे मिल जाएंगे. अब दिक्कतें खतम हो जाएंगी. बताया जा रहा है कि स्ट्रिंगरों ने अपनी परेशानी तथा दुख-दर्द भी आउटपुट हेड को बताए. नाम ना छापने की शर्त पर महुआ के स्ट्रिंगर बताते हैं कि पहले उन्हें जो चेक मिलता था वो मालकिन के हस्ताक्षर से मिलता था, पर इस बार उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा का सीसी एकाउंट का चेक मिला. इसके बाद भी जब उन्होंने चेक बैंक में डिपाजिट किया तो वो बाउंस हो गया.

चेक बाउंस होने का कारण पर्याप्त बैलेंस न होने को बताया गया. स्ट्रिंगर बताते हैं कि जब इस संदर्भ में कंपनी के लोगों से बात की गई तो उधर से कहा गया कि कुछ गड़बड़ी थी, दुबारा डालेंगे तो पैसे मिल जाएंगे. बताया जा रहा है कि प्रबंधन की इस धोखेबाजी से स्ट्रिंगर नाराज हैं. उनका कहना है कि ये हमारी होली मनवाने के लिए चेक दिये थे लेकिन लग रहा है कि इनका ही दिवाला निकल गया है. फिलहाल प्रबंधन ने पैसे क्लीयर करने की बात अपने स्ट्रिंगरों से कही है.
हम महुआ की तरफ से दिए गए एक चेक की कापी और बैंक द्वारा बताए गए कारण की प्रति प्रकाशित कर रहे हैं. हालांकि भेजे गए स्ट्रिंगर की सुरक्षा को देखते हुए हमने उसका नाम, एमाउंट और चेक की संख्या को मिटा दिया है ताकि रिपोर्टर की पहचान स्पष्ट न हो सके. आप भी देख-सुन सकते हैं महुआ ग्रुप के कंगाल होने की कहानी. वैसे समझा जा रहा है अगर अगले कुछ दिनों में खाते में पैसे नहीं आए तो प्रज्ञा के कर्मचारियों को दिए गए चेक भी बाउंस हो सकते हैं. जिन्हें 10 मार्च और 10 अप्रैल की तारीख में चेक दिए गए हैं.






