पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की गाजीपुर सदर सीट से पहली बार चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे विजय कुमार मिश्र को विजयश्री मिल गई है. उन्होंने केवल 240 वोटों से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार सिंह को पराजित कर दिया है. विजय कुमार मिश्र समाजवादी पार्टी के टिकट से मैदान में थे. वे वरिष्ठ पत्रकार अच्युतानंद मिश्र के भतीजे हैं. इस सीट पर बसपा, सपा, भाजपा और कौमी एकता दल के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर थी. भाजपा के अरुण सिंह तीसरे स्थान पर हैं और कौमी एकता दल की ओमकला चौथे.
पिछली बार राजकुमार सिंह बसपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़े थे और विजयी रहे. इस बार विजय मिश्र सपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़े और विजयी रहे. अरुण सिंह कई चुनावों से भाजपा के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं पर उन्हें जीतने का मौका एक बार भी नहीं मिला. इस बार अरुण सिंह को जिताने के लिए काफी कवायद उनके समर्थकों ने की लेकिन अंततः विजय मिश्र सब पर भारी पड़े.







