रोसड़ा : पत्रकार विकास रंजन हत्याकांड का अभियुक्त मोहन यादव को पुलिस ने सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) जेल से रोसड़ा लाया। न्यायालय के आदेश पर वहां से लाने के पश्चात उसे न्यायालय में पेश किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार लूट एवं आर्म्स एक्ट के मामले में करीब छह माह पूर्व पश्चिम बंगाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। वह बिथान थाने के लरझा घाट निवासी बताया जाता है।
रोसड़ा पुलिस के अनुसार मोहन यादव पत्रकार विकास रंजन हत्या कांड का अप्राथमिक अभियुक्त है। उक्त कांड में पूर्व में गिरफ्तार किए गये अभियुक्त बरकू यादव द्वारा दिये गये बयान के पश्चात पुलिस अनुसंधान में मोहन यादव को भी अभियुक्त बनाया गया था। ज्ञातव्य हो कि 25 नवंबर 2008 की संध्या में पत्रकार विकास रंजन की हत्या गोली मारकर दी गयी थी। मृतक के पिता फूल कांत चौधरी के बयान पर रोसड़ा थाना कांड संख्या 173/08 दर्ज कर 11 को नामजद किया गया था। इस मामले में अब तक कई आरोपी जेल जा चुके हैं। मामला न्यायालय में लंबित है। साभार : जागरण






