: अपडेट : पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया : कैमरे तोड़े गए और बंधक बनाया गया : जीतने के साथ ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आतंक शुरू हो गया है। झांसी में सपाइयों ने मीडियाकर्मियों पर हमला कर दिया। कई पत्रकारों को जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपना पड़ा। इस हमले में करीब 15 टीवी पत्रकारों को बुरी तरह मारा-पीटा गया। उनके कैमरे भी तोड़ दिए गए। पत्रकारों को अपनी जान बचाने के लिए एक स्कूल में छिपना पड़ा। सपा कार्यकर्ता घंटों पत्रकारों को बंधक बनाए रखा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकार अनशन पर बैठ गए हैं।
यहां बसपा उम्मीदवार के जीत जाने से नाराज सपाइयों ने पहले बसपा प्रत्याशी पर हमला किया, जिसका वहां मौजूद मीडियाकर्मियों कवरेज करने की कोशिश की। इसके बाद ही पत्रकारों पर हमला किया गया। पत्रकारों को अपनी जान बचाने के लिए छिपना पड़ा। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी बिल्कुल खामोश देखे गए। पत्रकारों ने फोन करके डीएम और एसपी से मदद की गुहार की तो उन लोगों ने कहा कि हम खुद असहाय हैं आप लोग हमें बचाओ।
सपाइयों के हमले में इंडिया टीवी के जावेद असलम, एनडीटीवी के विनोद गौतम, सी न्यूज के इमरान खान, न्यूज एक्सप्रेस के प्रमोद गौतम, मुंसिफ टीवी के तारिक इकबाल, जनसंदेश न्यूज के शकील अली हाशमी, जी न्यूज के अमित वर्मा, आजतक के अभिषेक श्रीवास्तव घायल हुए हैं। पत्रकारों ने पुलिस से इस हमले की लिखित शिकायत की परन्तु मामला दर्ज नहीं किया गया है। पत्रकार सपाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर झांसी में अनशन पर बैठ गए हैं।
पत्रकारों ने कहा है कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन पर भी बैठने को तैयार हैं। पत्रकारों से अनशन स्थल पर मिलने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं कांग्रेसी नेता प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व विधायक बृजेंद्र व्यास एवं नवनिर्वाचित विधायक झांसी सदर रवि शर्मा भी पहुंचे थे। इन लोगों ने पत्रकारों पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि वे मीडियाकर्मियों के संघर्ष में उनके साथ हैं।
झांसी में मीडियाकर्मियों पर हुए हमले के बारे में ताजा अपडेट है कि पुलिस ने दो नामजद समेत ढाई सौ अज्ञात सपा समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सपा के पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख बबीना पंजाब सिंह और ढाई सौ समर्थकों पर आईपीसी की धारा 147, 148, 323, 395 औ 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। खबर है कि पत्रकारों ने अपना अनशन खतम कर दिया है।





