युवा पत्रकार एवं मेट्रो स्टाइल समाचार पत्र के सम्पादक अमन वर्मा को न्यूजपेपर्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया का जयपुर जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। एसोसिएशन की राजस्थान इकाई की कार्यकारिणी की बैठक एमआई रोड पर गणपति प्लाजा के निकट स्थित मोहन क्लासिक रेस्टोरेंट में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से अमन वर्मा को जयपुर जिलाध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में शामिल सदस्यों ने प्रस्ताव पर स्वीकारोक्ति कर उन्हें जयपुर जिले में एसोसिएशन के विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर अमन वर्मा ने जिले के पत्रकारों, समाचार पत्र, वेबसाइट और न्यूज चैनलों के सम्पादकों को सदस्यता ग्रहण करवाकर जल्द ही अपनी कार्यकारिणी घोषित किए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उपस्थित सदस्यों के बीच होली स्नेहमिलन समारोह आयोजित किए जाने पर भी चर्चा की गई, जिसमें 12 मार्च को जयपुर में राजापार्क के पंचवटी सर्किल स्थित विवाह स्थल में होली स्नेह मिलन समारोह मनाने का निर्णय लिया गया। इस समारोह में एसोसिएशन के सदस्य व उनके परिजन शामिल होकर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाएंगे। इस मौके पर सहभोज भी होगा।
बैठक में न्यूजपेपर्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया के राजस्थान के महासचिव मनमोहन सिंह, शाइनिंग टाइम्स मैग्जीन के सम्पादक भंवर सिंह राणावत, एशियन यूरेशियन ह्यूमन राइट फोरम के प्रोजेक्ट हैड (राजस्थान) सुधीर रंगरू, महेश कृपा पत्रिका के सम्पादक राजेश गिलड़ा, राजस्थान न्यूज वन के सम्पादक पवन कुमार टेलर, साप्ताहिक संचार दूत के कार्यकारी सम्पादक रामावतार शर्मा, शाइनिंग टाइम्स के नागरिक पत्रकार नवल डांगी व अनिल जलूथरिया व एजाज भाई मौजूद थे।





