सूरत में मगदल्ला और गवियर के जैन देरासर जमीन घोटाले में पकड़े गए डीबी गोल्ड के न्यूज एडिटर प्रसन्न भट्ट के खिलाफ भास्कर ग्रुप के प्रतिद्वंद्वी अखबार डेली गुजरात ने मोर्चा खोल दिया है. जमीन घोटाला का यह मामला उस समय सुर्खियों में आया जब एक लैण्ड डेवलपर अमित कपासियावाला की हत्या हुई. इस हत्या की जांच के दौरान ही पुलिस को एक बड़े सिंडिकेट का पता चला. इसमें दैनिक भास्कर ग्रुप के अखबार डीबी गोल्ड के न्यूज एडिटर प्रसन्न भट्टा का नाम भी आया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
हालांकि इस मामले में नाम आने के बाद से ही भास्कर प्रबंधन ने प्रसन्न भट्ट को हटा दिया था. इस अखबार को भी मार्निंग एडिशन में मर्ज कर दिया गया था. इस मामले में प्रसन्न के साथ अजीत ठक्कर एवं एक अधिवक्ता शैलेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इस गिरफ्तारी के बाद से ही गुजरात में भास्कर के प्रतिद्वंद्वी अखबार समूह डेली गुजरात ने मोर्चा खोल रखा है. इसमें प्रसन्न के साथ भास्कर को भी जमकर लपेटा जा रहा है. पिछले कुछ समय से कई खबरें इस मामले को लेकर प्रकाशित किया गया है.





