Connect with us

Hi, what are you looking for?

No. 1 Indian Media News PortalNo. 1 Indian Media News Portal
Local News Community

विविध

इस चुनाव में मायावी गुरूर ही नहीं, कई मिथक भी टूटे

देश की लोकतांत्रिक राजनीति में व्यक्ति से लेकर जाति और धर्म तक के कई मिथक पहले चुनाव से ही गढ़ लिये गये थे और वे थोड़े बहुत रद्दो-बदल के साथ हर चुनाव में अपना असर दिखाते रहे लेकिन संतोष की बात है कि उत्तर प्रदेश में सम्पन्न हुआ विधानसभा का यह चुनाव छोटे-बड़े कई मिथक तोड़ गया है। जिन्हें यह घमंड था कि वे किसी जाति विशेष के लिए खुदा का दर्जा रखते हैं, उनकी खुदाई टूट गयी और जिन्हें यह भ्रम था कि वे खुदा को गढ़ने का हुनर जानते हैं, वे अपने लिए रास्ता तक नहीं तलाश पा रहे हैं।

देश की लोकतांत्रिक राजनीति में व्यक्ति से लेकर जाति और धर्म तक के कई मिथक पहले चुनाव से ही गढ़ लिये गये थे और वे थोड़े बहुत रद्दो-बदल के साथ हर चुनाव में अपना असर दिखाते रहे लेकिन संतोष की बात है कि उत्तर प्रदेश में सम्पन्न हुआ विधानसभा का यह चुनाव छोटे-बड़े कई मिथक तोड़ गया है। जिन्हें यह घमंड था कि वे किसी जाति विशेष के लिए खुदा का दर्जा रखते हैं, उनकी खुदाई टूट गयी और जिन्हें यह भ्रम था कि वे खुदा को गढ़ने का हुनर जानते हैं, वे अपने लिए रास्ता तक नहीं तलाश पा रहे हैं।

कई राजपुरुष जो इस मुगालते में थे कि वे तो मतदाताओं के सपनों में तैरते रहते  हैं, उन्हें अब जाकर इल्हाम हुआ कि वे सपने दिखा नहीं रहे थे बल्कि खुद ही देख रहे थे। शायद यही कारण है कि चुनाव नतीजे आने के बाद प्रदेश के मतदाता वह सुकून महसूस कर रहे हैं जो कीचड़ में फॅंसी गाड़ी को जी-जान से ढ़केलकर बाहर निकाल लेने के बाद गाड़ीवान को महसूस होता है। यह चुनाव नतीजा सबक है कि लोकतंत्र में राजनीतिक भूमिका अदा करने वाला महज धूल सरीखा होता है जो सर पर भी जा सकती है और वक्त आने पर वापस जमीन पर भी।

बसपा प्रमुख सुश्री मायावती का यह गुरुर टूटा कि उनकी इच्छा ही जनमत है। स्व. कांशीराम ने जब बहुजन समाज पार्टी का गठन किया था तो उस वक्त उनके कई साथी-सहयोगी थे जिनके राय-मशविरे की कद्र वे किया करते थे और वे सबके सब दलित या पिछड़े वर्ग से ही थे। बसपा का जो दिन दूना, रात चैगुना विस्तार हुआ, वह कांशीराम की सनक या तानाशाही के चलते नही बल्कि उन कार्यकर्ताओं की वजह से हुआ जो प्राण-प्रण से संगठन के साथ लगे हुए थे।

कांशीराम पर काबू पाने के बाद सुश्री मायावती ने बड़े ही सुनियोजित और लक्षित ढ़ॅंग से एक-एक कर इन समर्पित दलित नेताओं-चिंतकों को निकाल बाहर करना शुरु किया। सर्वश्री राजबहादुर, रामसमुझ, बलिहारी बाबू, रामाधीन, आर.के. चैधरी, जंगबहादुर पटेल, राशिद अल्वी, मेवालाल बागी, राम खेलावन पासी, कालीचरण सोनकर आदि ऐसे जाने कितने नाम हैं जिन्हें सुश्री मायावती ने इसलिए पार्टी से निकाल दिया कि इन दलित नेताओं का कद इतना ऊॅचा न हो जाय कि वे उनके लिए चैलेन्ज बन जॉंय! जानिये कि बसपा का प्रदेश अध्यक्ष तक दलित नहीं है!

यह अनायास नहीं है कि आज मायावती के इर्द-गिर्द रहने वाले तथा उनके दाहिने-बॉये हाथ के तौर पर जो भी हैं उनमें से कोई भी दलित नहीं है। हम सतीशचंद्र मिश्र का नाम जानते हैं, नसीमुद्दीन सिद्दीकी का नाम जानते हैं, स्वामीनाथ मौर्य का नाम जानते हैं, बाबूसिंह कुशवाहा को कौन नहीं जानता लेकिन इन्हीं के टक्कर के किसी भी दलित नेता का नाम हम नहीं जानते।

आज सुश्री मायावती यह आरोप लगा रही हैं कि भाजपा और कॉग्रेस के ठीक से न लड़ने का लाभ सपा को मिला लेकिन तब क्या यही तर्क 2007 के विधानसभा चुनाव के लिये नहीं दिया जाना चाहिए जब उन्हें (यानी बसपा को) ऐसी ही सफलता मिल गयी थी। आज सपा को अगर प्रतिक्रियात्मक वोटों का लाभ मिला बताया जा रहा है तो क्या तब इसी तरह का लाभ बसपा को मिला हुआ नहीं माना जाना चाहिए? काहे का सर्वजन समाज? दलित आज भी निःसंदेह बसपा के साथ हैं लेकिन यह उनकी मजबूरी है, बहन मायावती की खुदाई नहीं। उन्हें जानना चाहिए कि आसमान के सभी सितारे अगर मर जायेंगें, तो चॉद भी नहीं बचेगा।

भाजपा के नेताओं को इल्हाम हो गया था कि वे खुदा गढ़ने की कला जानते हैं। अपने बगलबच्चे विहिप की अयोध्या, वाराणसी और जयपुर में मंदिर के पत्थर तराशने की कार्यशालाओं की बदौलत उन्हें लगता था कि जब वे काशी-मथुरा और बनारस में भगवान को पुनर्जन्म देने का हुनर जानते हैं तो भगवान को मानने वाले मतदाता उन्हें छोड़कर कैसे जा सकते हैं! अपने भगवान को भी कोई छोड़ सकता है भला! उन्हें आज भी यह यकीन नहीं आ रहा है कि सन् 1984 से उन्होंने अयोध्या के नाम पर कोई आंदोलन नहीं बल्कि एक मेला बटोरना शुरु किया था जो 1991 में जब अपने उरुज पर आया तो उ.प्र. विधानसभा की 221 सीटों की शक्ल में बदल गया था। मेले कुछ समय बाद छॅंट जाते हैं। यह मेला भी लगातार छॅटता जा रहा है। आगे जाकर यह कहॉ पर थमेगा, इसे भाजपा के नेता ही बेहतर जानते होंगें। आखिर देश में बहुत सी राजनीतिक पार्टियॉ खत्म भी हो चुकी हैं।

शीर्ष स्तर पर इस पार्टी में कैसा दिग्भ्रम है इसकी बानगी देखिये कि विधानसभा क्षेत्र अयोध्या की अपनी चुनावी सभा में श्री लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण उनके जीवन का लक्ष्य है लेकिन उसी के अगले दिन बलिया की अपनी चुनावी सभा में श्री गड़करी ने कहा कि मंदिर निर्माण उनके एजंडे में ही नहीं है! इनकी आत्म-मुग्धता देखिए कि ये अपनी अच्छाइयों की बदौलत नहीं, सत्तारुढ़ बसपा की बुराइयों के फलस्वरुप सत्ता पाने का ख्चाब देख रहे थे मानों सत्ता पाने के लिए कोई लाइन लगी हो कि इस बार तो मेरा नम्बर है ही!

वर्ष 1991 में भाजपा ने अयोध्या सीट जीती थी। तब से लगातार वह इस पर काबिज थी। इस दौरान वह वहॉ की संसदीय सीट जीती और हारी भी लेकिन विधानसभा सीट पर बरकरार रही। इस बार सपा वह सीट भी ले गई! अयोध्या सीट को भाजपा हिन्दुत्व और मंदिर आंदोलन की आन-बान-शान का प्रतीक बताती रही है। यह मिथक भी टूटा। राजधानी लखनऊ की सीटों को भाजपा श्री अटल बिहारी बाजपेयी की जागीर बताते थकती नहीं थी। वहॉ श्री कलराज मिश्र किसी तरह अपनी सीट निकाल ले गये हैं, बाकी सब गया। बाजपेयी के स्वयंभू वारिस लालजी टंडन अपने बड़बोले बेटे तक को नही जिता सके।

सोनिया गॉधी की निजी स्टार प्रचारक प्रियंका गॉधी जब उनके संसदीय इलाके रायबरेली में अपने जलवे बिखेर रही थीं तो भाजपा के एक नेता ने उन्हें बरसाती मेढ़क कहा जिस पर सुश्री प्रियंका ने गर्वोक्ति करते हुए कहा था कि हॉ वे हैं बरसाती मेंढक। विपक्षियों के वार को जिस अहिंसक अदा से उन्होंने झटक दिया था वो देव-दुलर्भ था। ‘विपस्यना’ की साधिका प्रियंका के मन में यह आत्मविश्वास संभवतः कहीं गहरे और जन्मजात बैठा हुआ था कि देवी-देवता रोज कहॉ दर्शन देते हैं लेकिन जब देते हैं तो भक्त सुध-बुध खो बैठते हैं। यह घटना आने वाले दिनों में शोध का विषय होनी चाहिए कि सुश्री के दर्शन की ताब कम हो गयी या भक्त ही बे-मुरौव्वत हो चले। शायद ऐसी ही जमीन पर ‘फैज’ कभी लिखे रहे होंगें -‘‘…तेरे दस्ते-सितम का इज़्ज़ नहीं, दिल ही काफ़िर था जिसने आह न की।’’

वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में कॉग्रेस को 22 सीटें मिल गई थीं। उस आधार पर राजनीतिक प्रेक्षकों का अनुमान था कि इन सीटों के तहत आने वाली विधान सभा सीटें भी कॉग्रेस को मिल ही जाऐगीं। उधर कॉग्रेस के नीति-नियंता भी आरक्षण के नाम पर एक को खाली बन्दूक तो दूसरे को कारतूस पकड़ाकर यह सोच रहे थे कि चलो कुछ न कुछ तो सबको दे ही दिया। असल में किसी के चतुर होने में कोई दिक्कत नहीं है। दिक्कत तब होती है जब वह बाकी सबको मूर्ख समझने लगे। जिन सीटों पर कॉग्रेसी सांसद जीते थे, जरा उनकी पड़ताल कर ली गई होती कि किन चुनावी समीकरणों के चलते वे जीत गये थे तो शायद 100 सीट पाने की कॉग्रेसी आकांक्षा जरा थम गयी होती और इतना सदमा न लगता।

लेखक सुनील अमर लखनऊ में रहते हैं. लगभग 20 साल तक कई पत्र-पत्रिकाओं में नौकरी करने के बाद पिछले कुछ वर्षों से स्वतंत्र पत्रकारिता और लेखन कर रहे हैं. कृषि, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा महिला सशक्तिकरण व राजनीतिक विश्लेषण जैसे विषयों से इन्हें लगाव है. देश के सभी प्रमुख हिंदी अंग्रेजी पत्र-पत्रिकाओं व दो फीचर एजेंसियों में नियमित लेखन करते हैं. इनका लिखा उर्दू व मराठी में अनुदित होकर भी छपता है. पत्रकारिता के ही सिलसिले में ये अन्य राज्यों का भी भ्रमण करते रहते हैं. सुनील अमर से संपर्क 09235728753 के जरिए किया जा सकता है. सुनील के लिखे अन्य आलेख इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं… भड़ास पर सुनील अमर

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

… अपनी भड़ास [email protected] पर मेल करें … भड़ास को चंदा देकर इसके संचालन में मदद करने के लिए यहां पढ़ें-  Donate Bhadasमोबाइल पर भड़ासी खबरें पाने के लिए प्ले स्टोर से Telegram एप्प इंस्टाल करने के बाद यहां क्लिक करें : https://t.me/BhadasMedia 

Advertisement

You May Also Like

विविध

Arvind Kumar Singh : सुल्ताना डाकू…बीती सदी के शुरूआती सालों का देश का सबसे खतरनाक डाकू, जिससे अंग्रेजी सरकार हिल गयी थी…

विविध

: काशी की नामचीन डाक्टर की दिल दहला देने वाली शैतानी करतूत : पिछले दिनों 17 जून की शाम टीवी चैनल IBN7 पर सिटिजन...

विविध

पहली बार चुनाव हमने 1967 में देखा था. तेरह साल की उम्र में. और अब पहली बार ऐसा चुनाव देख रहे हैं, जो इससे...

विविध

राजस्थान, कांग्रेस और सेक्स. ये तीन शब्द लगता है आपस में अच्छे से घुल मिल गए हैं. भंवरी कांड में ये तीनों शब्द जुड़े...