: समाज और जीवन पर हावी है राजनीति – सुभाष राय : सुल्तानपुर। आज राजनीति हमारे समाज और जीवन पर हावी हो चुकी है, ऐसे में एक ज़िम्मेदार कवि इससे अछूता कैसे रह सकता है? क्योंकि एक कवि समय के आवेग को पहचानता है और उससे मुठभेड़ करने की ताकत भी अपनी कविताओं में दिखाता है। उक्त बातें राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक समाचार पत्र डेलीन्यूज़ ऐक्टिविस्ट के प्रधान सम्पादक सुभाष राय ने सुल्तानपुर में आयोजित एक कवि की काव्य-कृति के विमोचन पर आयोजित समारोह में कही।
जनपद के वरिष्ठ कवियों में शुमार होने वाले डा. डी.एम.मिश्र की आठवीं काव्य-कृति ‘रोशनी का कारवां’ के विमोचन के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अधिवक्ता कक्ष में आये हुए कवियों, शायरों एवं बुद्धजीवियों की मौजूदगी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डेलीन्यूज़ ऐक्टिविस्ट के प्रधान सम्पादक श्री राय ने श्री मिश्र की रचना 'रोशनी के कारवां' पुस्तक से ‘हमारा देश है, इससे हमारा वास्ता है’ संदर्भ को रेखांकित करते हुए कहा कि जब कोई कवि इस तरह की बातें करता है तो खुद ही साबित कर देता है कि वह एक ज़िम्मेदार कवि है।
उन्होंने कहा कि श्री मिश्र की कविता जीवन का परिष्कार करती है। इनकी अधिकांश कविताएं राजनैतिक हैं और ऐसा होना भी चाहिये, वह इस बिना पर कि आज राजनीति हमारे समाज और जीवन में घर कर गई है। वहीं श्री राय ने यह भी कहा कि श्री मिश्र की कविताओं की मूल ध्वनि विसंगतियों को तोड़ना और दुराग्रहों को बदलना है। इस अवसर पर प्रख्यात कथाकार शिवमूर्ति, कवि डा. चन्द्रशेखर, राणा प्रताप डिग्री कालेज के प्राचार्य डा.इन्द्रमणि कुमार आदि लोग मौजूद रहे।







