दैनिक जागरण, गोरखपुर में वरिष्ठों के होश उड़े हुए हैं. अब भावी बवाल की संभावना को देखते हुए दैनिक जागरण के लोग डरे हुए हैं. डरना स्वभाविक भी है. युवा हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता अखबार और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे हैं. और ऐसा हो भी क्यों न आखिर उनके सांसद को 'भोगी' जो बता दिया गया है. जी हां, दैनिक जागरण के गोरखपुर एडिशन में होली को लेकर एक खबर प्रकाशित हुई है, जिसका शीर्षक है 'उड़ा रंग गुलाल, हुई सौहार्द की बातें', जिसमें गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.
इसी खबर में प्रकाशित एक फोटो के नीचे जागरण ने लिखा है कि 'होली मिलन समारोह में सदर सांसद भोगी योगी आदित्यनाथ व अन्य'. इस कैप्शन के बाद से ही योगी के समर्थकों में गुस्सा है. वे अखबार के खिलाफ आंदोलन करने को तैयार बैठे हुए हैं. बवाल अभी तक इसलिए थमा हुआ है कि योगी गोरखपुर में मौजूद नहीं हैं. बताया जा रहा है कि युवा हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता आक्रोशित हैं तथा योगी आदित्यनाथ के आने का इंतजार कर रहे हैं. पिछले दिनों गोरखपुर की मीडिया योगी को खिलाफ कुछ ज्यादा ही मुखर हो गई है.
कुछ दिन पहले जनसंदेश टाइम्स ने योगी के खिलाफ छापा था कि अब दैनिक जागरण में योगी को 'भोगी' बता दिया गया है. अब यह स्पष्ट नहीं है कि यह 'भोगी' शब्द गलती से प्रकाशित हुआ है या ऐसा जानबूझकर किया गया है. कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि जागरण में पिछले दिनों बदले निजाम के बीच आपसी राजनीति के तहत भी यह काम किया गया हो सकता है ताकि अखबार का सीधा पंगा योगी से हो जाए. अब यह पता नहीं चल पाया है कि अखबार प्रबंधन इस मामले से कैसे निपटेगा- खेद प्रकाश छापकर या फिर मंदिर में हाजिरी लगाकर! फिलहाल सबको इंतजार योगी के गोरखपुर में आने का है. आप भी देखिए जागरण में प्रकाशित तस्वीर और कैप्शन.






