बदायूं में आजतक का स्ट्रिंगर कौन है इसको लेकर चर्चा गरम है. काफी समय से बदायूं में आजतक के स्ट्रिंगर के रूप में जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे अंकुर चतुर्वेदी ने सिविल लाइंस थाने में एक युवती के खिलाफ आजतक का फर्जी रिपोर्टर बताने की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने अंकुर की तहरीर पर युवती के खिलाफ चार सौ बीसी समेत कुछ अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा इसकी जांच शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि उक्त लड़की काफी समय से लोगों के बीच अपना परिचय आजतक का रिपोर्टर बताकर देती रही है. जबकि बदायूं में चैनल का काम अंकुर चतुर्वेदी देखते हैं. गुड लुकिंग और स्मार्ट युवती के आजतक का रिपोर्टर के रूप में परिचय दिये जाने की सूचनाएं अंकुर तक भी पहुंचने लगीं. अंकुर को पहले कुछ समझ में नहीं आया. बाद में उन्होंने अपने स्तर से दिल्ली तथा लखनऊ से पता किया तो उन्हें युवती की सच्चाई पता चली. अंकुर को जानकारी हुई कि इस नाम की आजतक में कोई स्ट्रिंगर अथवा रिपोर्टर बदायूं में नहीं है.
बताया जा रहा है कि पूरी तरह छानबीन के बाद अंकुर ने सिविल लाइंस थाने में युवती के खिलाफ मंगलवार की रात लिखित तहरीर दी तथा उसे आजतक का फर्जी पत्रकार बताते हुए मुकदमा दर्ज करने का निवेदन किया, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. बताया जा रहा है कि खुद को आजतक की रिपोर्टर बताने वाली इस लड़की के बदायूं के कई बड़े लोगों से जान-पहचान है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि युवती आजतक की पत्रकार है अथवा नहीं.





