भदोही में एक सड़क हादसे में बुधवार को देर रात जहां पत्रकार जलील अहमद के भतीजे सहित दो युवक घायल हो गए, वहीं गुरुवार को होली मिलन समारोह के दौरान पत्रकार जलील अहमद खुद कुर्सी से गिर गये, जिससे उनका हाथ टूट गया। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया गया।
जानकारी के अनुसार गोपीगंज नगर के दैनिक जागरण के पत्रकार जलील अहमद का भतीजा बुधवार की रात मो. आलम (22वर्ष) अपने एक मित्र वसीम (18वर्ष) के साथ कवलापुर जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से बचने के कोशिश में सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़े। हादसे में आलम को गंभीर चोट आई, जबकि वसीम भी आंशिक रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद आलम की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।
दूसरी तरफ पत्रकार जलील अहमद गुरुवार को बड़ेशिव मंदिर पर साहू समाज के होली मिलन समारोह में गिरकर घायल हो गए। वे जिस कुर्सी पर बैठे थे वे कुर्सी अचानक सरक गई और जलील का दाहिना हाथ टूट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें एक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उनके हाथों पर पलास्टर चढ़ाया गया। इधर, उनके भतीजे आलम की हालत भी ठीक बताई जा रही है।





