साकेत थाना पुलिस ने निगम चुनाव में एक पार्षद से पेड न्यूज के नाम पर पैसे मांगने वाले विज्ञापन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तम नगर निवासी मनोज कुमार (43) के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल और मेट्रो न्यूज डॉट कॉम नाम के संस्थान का क्राइम रिपोर्टर का आइकार्ड व विजिटिंग कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस ठगी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। यह कार्रवाई एक नामी न्यूज चैनल के पत्रकार की शिकायत पर की गई है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक न्यूज चैनल के पत्रकार ने साकेत थाना पुलिस में 15 मार्च को ठगी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति खुद को उनके चैनल का कर्मचारी बताकर खानपुर के स्थानीय पार्षद सतेंद्र चौधरी से निगम चुनाव के दौरान पेड न्यूज दिखाने के बदले पैसे की मांग कर रहा है। पार्षद से आरोपी ने उसके पक्ष वाली खबर की 90 सेकेंड की क्लीपिंग के लिए 30 हजार व दस दिन के चुनाव प्रचार की कवरेज के लिए तीन लाख रुपये देने का प्रस्ताव रखा था। उसने यह भी बताया कि यह पूरा पैकेज चैनल ने एमसीडी चुनाव को देखते हुए बनाया है। इसकी जानकारी के बाद साकेत थाना एसएचओ ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता पार्षद का आदमी बनकर पेड न्यूज के बदले पैसे देने को राजी हो गया।
योजना के तहत आरोपी मनोज कुमार को पैसे लेने के लिए पुष्प विहार सेक्टर चार स्थित एमसीडी कार्यालय बुलाया गया। वहां आते ही पुलिस ने मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्नातक की पढ़ाई की है और पहले वह एक बिजनेस हाउस में एकाउटेंट था। बाद में उसने मीडिया विज्ञापन केंद्र खोलने के साथ ही स्वतंत्र पत्रकारिता शुरू की थी। पुलिस को आरोपी के पास से न्यूज चैनल संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। साभार : जागरण





