खरगोन : सात से अधिक शिक्षक व कर्मचारी संगठन एक पत्रकार के विरुद्ध लामबंद हो गए हैं। सोमवार को उस पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और उसके खिलाफ नारेबाजी की। पत्रकार के विरुद्ध कार्रवाई की माँग करते हुए डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने कलेक्टर से भी मुलाकात की। ज्ञापन में शिकायत की गई है कि यह पत्रकार सूचना के अधिकार अधिनियम का दुरुपयोग करते हुए एक कंपनी की सदस्यता के लिए दबाव बनाता है।
मना करने पर ब्लैकमेलिंग की स्थिति बन जाती है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गोगावाँ का हवाला देते हुए आपत्ति जताई गई कि बिना मापदंडों को पूरा किए शिक्षकों व अधीक्षकों पर चाही गई जानकारी देने का दबाव बनाया जाता है। शिक्षकों ने बताया कि कलेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने उन्हें जाँच का भरोसा दिलाया है। इस मुलाकात में शामिल लछीराम इंगले ने कहा कि वे मीडिया का सम्मान करते हैं, परंतु कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।





