: जम्मू में 'द ट्रिब्यून' की लांचिंग : जम्मू : समाचार पत्रों में सही तथा सटीक खबरें छापने की वकालत करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों को समाज की सही तस्वीर लोगों के आगे पेश करने की सलाह दी। उमर पत्रकारों के रवैये से खुश नहीं दिखे। शुक्रवार को अंग्रेजी समाचार पत्र 'द ट्रिब्यून' की लांचिंग पर पहुंचे उमर ने पत्रकारों से कहा कि वह वकील के तौर पर मामले को जनता के सामने रखें न कि जज की भांति अपना फैसला सुना दें।
उमर ने यह भी कहा कि वह उन सभी समाचारों को स्वागत करते हैं जो सरकार की कार्यप्रणाली को कठघरे में लाते हैं। बिना पक्षपात के समाचार छापना ही असली पत्रकारिता है। उमर ने कहा कि मौजूदा समय में सूचना तंत्र इतना तेज हो गया है कि पल-पल की खबर-समाचार आप अपने मोबाइल फोन पर पा सकते हैं। इलेक्ट्रानिक न्यूज चैनल समाचार पत्रों को कठिन चुनौती दे रहे हैं। कंपटीशन बढ़ा है, ऐसे स्थिति से वही समाचार पत्र टिके रह पाएंगे जो आम लोगों और जन सरोकार के मुद्दों को जोरशोर से उठाते हैं। साथ ही हर घटना का सटिक तथा विश्लेषात्मक खबर देते हैं।
राज्यपाल एनएन वोहरा ने कहा कि मौजूदा समय में मीडिया पर्यवेक्षक की भूमिका निभा रहा है। अखबारों में प्रकाशित खबरें सरकारी नीतियों को तय करने में सहायक सिद्ध होती हैं। पर इसके लिए जरूर है कि पत्रकार एवं समाचार पत्र किसी भी समाचार को पूरी तरह से जांच-पड़ताल के बाद ही छापें। पंजाब का अग्रणी समूह 'द ट्रिब्यून' ने राज्य में अपना पहला एडिशन लांच किया है। इस दौरान राज्य के कई मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





