अलीगढ़ के अतरौली इलाके में शुक्रवार को एक मीडिया फोटोग्राफर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. उस बेचारे की गलती इतनी थी कि उसने नकल करने-कराने वालों लोगों की तस्वीर खींचने की हिमाकत कर दी थी. हमलावरों ने फोटोग्राफर को पीटने के साथ उनका कैमरा व मोबाइल भी लूट लिया. फोटोग्राफर ने मामले की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी है. पर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
कल सुबह अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी. प्रेस फोटोग्राफर गोपाल वार्ष्णेय को अतरौली के हरदोई इलाके में स्थित एक परीक्षा केंद्र पर नकल की सूचना मिली. वे फोटो कवरेज के लिए वहां पहुंच गए. इसी बीच परीक्षा केंद्र पर सचल दस्ते के आने की सूचना मिली तो वो फोटो खींचने लगे. परीक्षा केंद्र से निकलते ही सैकड़ों लोगों ने उन्हें घेर लिया तथा पीटना शुरू कर दिया. उनके हाथ से उनका बैग छीन लिया गया, जिसमें कैमरा, हैंडीकैम, दो मोबाइल और कुछ नकदी थी.
मदद की अपील पर भी परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस वाले उन्हें बचाने नहीं आए. इस हमले में फोटोग्राफर को चोटें आई हैं. गोपाल ने इस मामले की लिखित शिकायत थाना पाली में दी, जिसके बाद पुलिस ने कॉलेज के प्रबंधक अनिल राणा और केंद्र व्यवस्थापक छत्रपाल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है.





