मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सहारा इंडिया मीडिया के छह पत्रकारों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया. मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए न्यूज चैनल सहारा समय के हेड मनोज मनु और प्रोग्रामिंग हेड संतोष राज समेत सहारा इंडिया मीडिया के छह पत्रकारों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया.
फिक्की सभागार में शनिवार शाम मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित छठे एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में विभिन्न मीडिया समूहों से जुड़े कुल 38 पत्रकारों को सम्मानित किया गया है. करीब दो घंटे चले इस भव्य समारोह में सभी विजेताओं को प्रतीक चिह्न और प्रशस्तिपत्र प्रदान किये गए.पुरस्कार वितरण समारोह की शुरुआत करते हुए मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता से जुड़ा हर व्यक्ति सम्मान का हकदार है. वह समाज को आइना दिखाने का काम करता है. हम सभी को सम्मानित तो नहीं कर सकते पर उनमें जो बेहतर कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित करने का प्रयास जरूर करते हैं. उन्होंने कहा कि हमारी संस्था पिछले छह वर्षों से अवार्ड समारोह सफलतापूर्वक करती आ रही है.
फेडरेशन की गतिविधियों के बारे में उन्होंने बताया कि यह संस्था 14 राज्यों में पत्रकारिता और पत्रकारों के हित में कार्य कर रही है. इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह, हरियाणा सरकार में मुख्यमंत्री के सलाहकार शिव भाटिया ने बेस्ट चैनल हेड ऑफ द ईयर का सम्मान एसआईटीवी के हेड मनोज मनु को प्रदान किया. बेस्ट न्यूज प्रोग्राम ऑफ द ईयर का सम्मान एसआईटीवी के ग्रुप प्रोग्रामिंग हेड संतोष राज को कार्यक्रम ‘सबसे बड़ी बहस’ के लिए प्रदान किया गया. बेस्ट ब्यूरो चीफ ऑफ द ईयर के खिताब से सहारा एनसीआर की इंचार्ज पूनम मेहता द्विवेदी को नवाजा गया.
सहारा समय की एंकर व प्रोडय़ूसर चित्रा त्रिपाठी को बेस्ट न्यूज कास्टर ऑफ द ईयर तथा बेस्ट एंकर ऑफ द ईयर पुरस्कार सहारा समय की एंकर रंजना शर्मा को मिला. सहारा समय के रंजन कुमार को बेस्ट प्रोडय़ूसर आफ द ईयर का सम्मान प्रदान किया गया. इसके अलावा सम्मानित होने वालों में बेस्ट बिजनेस कॉरस्पोंडेंट ऑफ द ईयर का सम्मान जनसत्ता के फैजल इमाम, बेस्ट स्पेशल कॉरस्पोंडेंट ऑफ द ईयर का सम्मान एनडीटीवी के उमा शंकर सिंह, बेस्ट जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर का सम्मान प्रेस क्लब के जनरल सेक्रेटरी अनिल आनंद, बेस्ट मीडिया यंग इंटरप्रेनियर ऑफ द ईयर का सम्मान ए टू जेड के चेयरमैन दीपक गुप्ता को मिला.
इसके अलावा लाइफ टाइम मीडिया एचीवमेंट ऑफ द ईयर का सम्मान ‘जजबात भोपाल’ के संपादक शंकर लाल साबू, हिमायती के संपादक डा. सोहनलाल ‘सुमनाक्षर’, बेस्ट फ्रीलांस जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर का सम्मान जी न्यूज के देवेन्द्र पंवार को प्रदान किया गया. इस मौके पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना समेत बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे. पुरस्कार वितरण समारोह के उपरांत एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थान के कलाकारों ने काल वेलिया नृत्य व स्थानीय लोक गीत-संगीत के कार्यक्रम पेश किये. साभार : सहारा





