: नशे का इंजेक्शन भी लगाया : नोएडा में 'सहारा' के आगरा विज्ञापन प्रतिनिधि पंकज राठौर को कुछ बदमाशों ने नोएडा स्टेडियम के पास से एसेंट कार में अगवा कर लिया. बदमाशों ने उनके साथ कार में जमकर मारपीट की तथा उन्हें नशे का इंजेक्शन लगा दिया. बदमाश पंकज को करीब ढाई घंटे तक कार में ही बैठाकर सड़कों पर घुमाते रहे. बाद में उन्हें दिल्ली के खिचड़ीपुर इलाके में कार से नीचे फेंक दिया तथा फरार हो गए.
पंकज को घायल अवस्था में नोएडा के कैलाश हास्पीटल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं. जानकारी के अनुसार पंकज रात को करीब साढ़े नौ बजे नोएडा स्थित सहारा के कार्यालय से निकले तथा आगरा के बस पकड़ने जा रहे थे. स्टेडियम के पास बस अड्डे जाने के लिए किसी वाहन के इंतजार में खड़े थे.तभी एसेंट कार में आए बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया बदमाशों ने हथियार की नोंक पर पंकज का एटीएम कार्ड छीन लिया. इससे उन्होंने पैसे भी निकाले. पुलिस को शिकायत कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.





