सांगली : महाराष्ट्र के सांगली जिले के कुंदाल फाटा के समीप पुलिस वैन और कार की टक्कर में दैनिक समाचार पत्र लोकमत के एक पत्रकार की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये। जानकारी के अनुसार लोकमत के पत्रकार बाबा धोंड्रम वीरकर (30 वर्ष) कार से अपने दो अन्य साथियों के साथ सतारा जिले के मासवद से कोल्हापुर जा रहे थे। वे लोग कुंदाल फाटा के समीप पहुंचे ही थे कि दूसरी तरफ से आ रही पुलिस वैन ने कार को टक्कर मार दी।
इस हादसे में वीरकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार में बैठे नागनाथ डोबे (35 वर्ष) और किशोर सोनवने (38 वर्ष) भी घायल हो गए। इस टक्कर में पास में खड़े सुमन वसंत रणभरे भी इसकी चपेट में आ गए तथा गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वैन चालक 51 वर्षीय विजय श्रीपाल चौगुले को लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।





