एक खबर में अधिकारी का पक्ष लेना डीबी स्टार, भोपाल के फोटो जर्नलिस्ट और रिपोर्टर को भारी पड़ गया. भ्रष्टाचार के मामले में पूछा गया सवाल उस अधिकारी को इतना नागवार गुजरा कि उसने इन दोनों लोगों से बदतमीजी तो की ही, कैमरा भी तोड़ दिया. उसने टूटा हुआ कैमरा भी अपने पास रख लिया. काफी हो हुज्जत के बाद पुलिस ने इस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, परन्तु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार डीबी स्टार के फोटो जर्नलिस्ट जाहिद मीर तथा रिपोर्टर श्याम सुंदर गोयल बुधवार की शाम न्यूज कवरेज के लिए भोपाल में सतपुड़ा भवन में आदिवासी विकास के आदिम क्षेत्रीय विकास योजना संचालानालय गए थे. यहां पर भ्रष्टाचार के एक मामले को लेकर एडिशनल डाइरेक्टर सुरेंद्र सिंह भंडारी से मिले तथा उनसे कुछ सवाल किए. भ्रष्टाचार के सवालों से बौखलाए भंडारी अचानक उग्र हो गए तथा फोटो खींच रहे जाहिद के हाथ से कैमरा छीनकर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद दोनों से धक्का-मुक्की करते हुए गरियाने लगे.
दोनों मीडियाकर्मियों से उलझने के बाद एडिशनल डाइरेक्टर टूटा हुआ कैमरा उठाया तथा वहां से निकल गए. घटना से हतप्रभ दोनों कर्मी अपने वरिष्ठों को इस बदतमीजी की जानकारी दी तथा लिखित शिकायत लेकर जहांगीराबाद थाना पहुंच गए. पुलिस ने मामला लिखने में आनाकानी शुरू कर दी. पुलिस ने इन दोनों मीडियाकर्मियों को तीन घंटे तक झेलाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया. बाद में वरिष्ठ अधिकारियों से इस संदर्भ में बात करने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस ने एडिशनल डाइरेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया.





