दैनिक जागरण में कई फेरबदल हुए हैं. लखनऊ तथा कानुपर से कुछ लोगों को इधर उधर किया गया है. बताया जा रहा है कि आज प्रबंधन की कानपुर में मीटिंग होने वाली है, जिसमें कुछ और तबादले संभावित हैं. साथ ही तबादले की जद में आए लोगों को लेटर भी पकड़ाया जा सकता है. बताया जा रहा है कि कानपुर में डीएनई जितेंद्र त्रिपाठी, जो आउटपुट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे उन्हें नोएडा भेजा जा रहा है. वहीं इनपुट हेड के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे संजीव मिश्र को लखनऊ भेजे जाने की संभावना है. हालांकि संजीव ने इस तरह की कोई जानकारी होने से इनकार किया है.
लखनऊ में आशुतोष शुक्ल को बनारस भेजे जाने के बाद दो तबादले किए गए हैं. सीनियर रिपोर्टर प्रेम सिंह का तबादला जम्मू के लिए कर दिया गया है. सूत्रों का कहना है कि बहुत कम संभावना है कि प्रेम सिंह जम्मू जाएंगे. हालांकि यह सूचना भी मिली है कि तबादला से नाराज होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया है, परन्तु यह बात पुष्ट नहीं हो पाई है. वहीं राजेंद्र कुमार का तबादला रांची के लिए कर दिया गया है. संभावना जताई जा रही है कि वे अपना पद भार जल्द ही ग्रहण कर लेंगे. इन दोनों लोगों की गिनती जारगण, लखनऊ के तेजतर्रार पत्रकारों में होती रही है. जागरण, कानपुर में तैनात विनोद शील के भी तबादले की चर्चाएं हैं. उल्लेखनीय है कि बनारस के संपादकीय प्रभारी राघवेंद्र चड्ढा का तबादला भी कानपुर के लिए कर दिया गया है. संभावना है कि एक दो दिन में सभी को तबादले का पत्र थमा दिया जाएगा.






