देवरिया : पत्रकार बनकर बोर्ड परीक्षा के दौरान एक विद्यालय पर पहुंचे युवक को स्कूल के कर्मचारियों ने पकड़ लिया। युवक ने जब पत्रकार के रूप में रौब दिखाना शुरू किया, तो उसकी पिटाई भी की गई। बाद में उसे लार पुलिस के हवाले कर दिया। जहां जानकारी मिली की यह फर्जी पत्रकार है। युवक से पूछताछ जारी है, अभी उसे जेल नहीं भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार शाम की पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा चल रही थी। लार थाना क्षेत्र के देवसिया स्थित देवरहा बाबा इंटर कालेज में एक युवक बाइक लेकर घुस गया। परीक्षा दे रहे छात्रों की फोटो खिंचने लगा। प्रधानाचार्य ने जब उससे फोटो खिंचने का कारण और परिचय पूछा तो उसने खुद को दिल्ली के एक संस्थान का पत्रकार बताया। इसके बाद उसने एक न्यूज चैनल का आईडी कार्ड भी प्रधानाचार्य को दिखाया।
कार्ड देखकर प्रधानाचार्य को कुछ शंका हुई। उन्होंने कुछ और लोगों को बुला लिया, जब उन लोगों ने कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो घबराकर युवक बाइक की तरफ भागा। इस पर विद्यालय के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया तथा उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस बुलाकर युवक को उसके हवाले कर दिया गया। युवक की पहचान लार थाना क्षेत्र के भरौली ग्राम निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है वह बीए का छात्र है तथा अपने चाचा की बाइक लेकर जालसाजी करने गया था। पुलिस ने बताया पूछताछ चल रही है, जल्द ही इसे जेल भेजा जाएगा।






