हरियाणा के पलवल जिले से नई मैगजीन एनसीआर लुक की लांचिंग रविवार को हुई. हरियाणा के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस मैगजीन की लांचिंग की. इस दौरान फर्रुखाबाद से कांग्रेस के सांसद राज बब्बर, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, अवतार सिंह भड़ाना, विधायक विनोद शर्मा, पूर्व मंत्री करन सिंह दलाल, सिरसा के सांसद अशोक तंवर समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इस मौके पर मुख्यमंत्री हुड्डा ने एनसीआर लुक टीम को बधाई तथा शुभकामनाएं दीं.
श्री हुड्डा ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यह पत्रिका निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ पत्रकारिता करेगी. साथ ही आम लोगों की आवाज को सत्ता तथा प्रशासनिक गलियारों तक पहुंचाने का काम करेगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रिका के जितना संभव होगा वे सहयोग देने की कोशिश करेंगे. इस दौरान एनसीआर लुक के संपादक रामवीर सिंह, इनपुट हेड उदय शंकर खावड़े, फीचर हेड शिखा शर्मा, बिजनेस हेड दीपक सिंह, अरुण पाण्डेय सहित कई लोग मौजूद रहे.
पत्रिका के संपादक रामवीर सिंह ने बताया कि यह मैगजीन सभी हिंदी भाषी राज्यों को कवर करेगी. धीरे-धीरे इसका प्रसार सभी राज्यों में बढ़ाया जाएगा. गौरतलब है कि यह पत्रिका मुख्य रूप से राजनीतिक मैगजीन होगी. इसमें सारे हिंदी भाषी राज्यों की राजनीतिक उठापटक-घमासान को स्थान दिया जाएगा. इसके अलावा अन्य विषयों तथा स्तंभों के लिए भी कुछ पन्ने रहेंगे, जिसमें लाइफ स्टाइल, समस्या, हेल्थ, फीचर जैसे कॉलम भी होंगे.






