अज्ञात हमलावरों ने नेपाल में एक टीवी चैनल के रिपोर्टर की गोली मारकर हत्या कर दी. एवेन्यूज टेलीविजन में काम करने वाले यादव पौडी कहीं जा रहे थे कि पूर्वी नेपाल में बदमाशों ने उन्हें गोली मार दिया. पौडी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. नेपाल का टेलीविजन एडिटर्स गिल्ड ने निंदा प्रस्ताव पेश कर घटना पर दुख जताया है तथा सरकार से पत्रकार के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है. गिल्ड ने पत्रकारों की सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है तथा सरकार से कहा है कि पौडी के हत्या के कारणों का भी खुलासा करे.
दूसरी तरफ इराक में हुए एक बम विस्फोट में एक टीवी एंकर की मौत हो गई. बम कार से चिपकाया गया था. समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने एक एजेंसी के हवाले से बताया है कि सोमवार की देर रात टीवी एंकर सलाहुद्दीन की कार में बम चिपका दिया गया था. बम के फटने से सलाहुद्दीन की मौत हो गई. यह घटना तिकरित में घटित हुई. एंकर के हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. 'इराकी यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स' के अनुसार 2003 में अमेरिका के नेतृत्व में हुए हमले के बाद अब तक देश में कुल 280 पत्रकार मारे जा चुके हैं.





