इलाहाबाद के नैनी इलाके में बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े पत्रकार राजेश पटेल के घर पर धावा बोल दिया। घटना के समय पत्रकार तथा उनके परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे। चोरों ने ताला तोड़कर नगदी और गहने समेत करीब एक लाख रुपये का सामान उड़ा दिया। रात में राजेश जब पत्नी-बच्चों के साथ घट लौटे तो चोरी का पता चला। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। दिनदहाड़े चोरी से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं तथा पुलिस की उदासीनता को जम कर कोस रहे हैं।
जसरा में चितौरी गांव निवासी पत्रकार राजेश पटेल हिंदी दैनिक अखबार के नैनी ब्यूरो में कार्यरत हैं। वह परिवार सहित नैनी में धनुहा के पास नारायणपुरम कॉलोनी की दो नंबर गली में स्थित लालजी मौर्या के घर में किराए पर रहते हैं। बुधवार दोपहर वह पत्नी-बच्चों के साथ अपने गांव गए हुए थे। गांव से रात को वापस लौटे तो कमरे, आलमारी तथा बक्से का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में रखे 22 हजार रुपये नकद, पत्नी अनुधार के लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के गहने तथा कुछ अन्य सामानों पर हाथ साफ किया है।
राजेश इसके बाद नैनी थाने में घटना की घटना की जानकारी दी। इसके बाद इंस्पेक्टर अशोक सारस्वत अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद पुलिस ने माना की इस घटना को अंजाम आसपास के अराजक तत्वों ने ही दिया हो, जिन्हें पता था कि राजेश अपने परिवार के साथ गांव गए हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।





