मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में जनसंदेश न्यूज चैनल के स्ट्रिंगर के रूप में कार्यरत तरुणय सक्सेना मोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मोनू का शव उनके घर के बाहर एक अमरूद की पेड़ से लटकता मिला. पत्रकार के परिजनों का आरोप है कि मोनू की हत्या करके शव को पेड़ से लटका दिया गया. पुलिस मोनू की मौत की जांच शुरू कर दी है. उसका कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा.
जानकारी के अनुसार रतलाम रेलवे कानोली में रहने वाले चौबीस वर्षीय पत्रकार मोनू की लाश सुबह घर के सामने अमरूद के पेड़ से लटकती मिली. मोनू का गला उनके ही टी शर्ट से बंधा हुआ था. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि मोनू की हत्या कर उसके शव को पेड़ पर लटका दिया गया है. परिजनों ने कहा कि मोनू के दोनों पैर में चोट थी और वो ठीक से चल नहीं पाता था, फिर इतने ऊंचे पेड़ पर वह कैसे चढ़ गया. पुलिस को पेड़ पर मोनू के पैरों के निशान भी नहीं मिले हैं. साथ ही आत्महत्या के समय यूरिन भी नहीं निकली है, जिससे परिस्थितियां और संदिग्ध दिख रही हैं.
पुलिस ने मोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात का खुलासा हो पाएगा कि मोनू ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या की गई है. इसके बाद ही पुलिस मामला दर्ज करेगी. मोनू की संदिग्ध स्थितियों में मौत होने पर पत्रकारों ने शोक जताया है तथा पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द मोनू के मौत के कारणों का पता लगाया जाए.






