हिंदुस्तान, बरेली में अखबार की दयनीय स्थिति तथा सिटी इंचार्जी पद को लेकर चले घमासान के बाद प्रधान संपादक शशि शेखर आज शाम बरेली पहुंचने वाले हैं. वेस्ट यूपी के हेड केके उपाध्याय कल से ही बरेली में डेरा डाले हुए हैं. आज सुबह उन्होंने पत्रकारों की मीटिंग ली तथा बृजेंद्र निर्मल के हाथ खड़ा करने के बाद खाली सिटी इंचार्जी की कुर्सी पर पंकज मिश्रा की ताजपोशी कर दी. केके उपाध्याय ने मीटिंग में कहा कि पंकज मिश्रा ही सिटी इंचार्ज होंगे बाहर से कोई नहीं आएगा.
उल्लेखनीय है कि डीएनई व सिटी इंचार्ज संजीव द्विवेदी के इस्तीफे के बाद चुनावों को देखते हुए वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र निर्मल को सिटी इंचार्ज बनाया गया था. पर इस पद पर मारामारी को देखते हुए बृजेंद्र निर्मल ने अपने हाथ खड़े कर दिए तथा वापस परसाखेड़ा कार्यालय में चले गए. इसके बाद से ही इस पद पर एक दूसरे को सुपरसीड करने की कोशिशें चल रही थीं. संजीव के समय सेकेंड इंचार्ज रहे पंकज मिश्रा को भी किनारे किए जाने की बात चल रही थी, पर केके उपाध्याय ने आज की मीटिंग में यह स्पष्ट कर दिया कि नए सिटी इंचार्ज पंकज मिश्रा ही होंगे.
अखबार में हिंदुस्तान के पुराने पत्रकार तथा अमर उजाला से आए पत्रकारों के बीच काफी समय से रस्साकस्सी जारी है, जिसके चलते अखबार का सर्कुलेशन लगातार नीचे जा रहा है. इस गुटबाजी का असर अखबार पर भी पड़ रहा था तथा सिटी इंचार्जी जैसा मलाईदार पद पाने के लिए दोनों गुट एक दूसरे को रणनीतिक पटखनी देने की योजना पर काम कर रहे थे. पर केके उपाध्याय ने आज की मीटिंग में बता दिया कि अभी उनका पलड़ा भारी है.
केके उपाध्याय ने बरेली के पत्रकारों को भी सख्त हिदायत दी है कि वे अनुशासनहीनता से बचें. दूसरे की बीट की खबरें न लिखें ताकि किसी तरह का टकराव सामने आए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी रिपोर्टर की चार खबरें छूटी तो उसे आठ दिन की छुट्टी दे दी जाएगी. इस बीच खबर है कि अखबार के स्थिति का जायजा लेने प्रधान संपादक शशि शेखर भी बरेली पहुंच रहे हैं. यहां वे केके उपाध्याय, आशीष व्यास तथा सम्राट नायक के साथ मीटिंग करेंगे.





