नई दिल्ली। मीडिया के लिए अदालती कार्यवाही की रिपोर्टिंग के मकसद से दिशानिर्देश तय करने के प्रयास में लगे उच्चतम न्यायालय ने इस संबंध में दलीलों का दायरा बढ़ाने के लिए आरूषि हत्याकांड सहित चार और मामले जोड़े हैं। मीडिया को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लीक होने के बीच सहारा समूह और सेबी के बीच विवाद से संबंधित मामले में आवेदन जमा होने के बाद प्रधान न्यायाधीश एसएच कपाडिया की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ ने मामले पर सुनवाई की।
सुनवाई शुरू करते हुए पीठ ने कहा था कि कोई भी पक्ष इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए शिकायत दायर कर सकता है। हालांकि सुनवाई के दौरान द एडिटर्स गिल्ड आफ इंडिया की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने शिकायत की थी कि केवल एक मामले को ध्यान में रखकर जिरह चल रही है और पर्याप्त तथ्यों के अभाव में में दलीलें तैयार करने में मुश्किल हो रही है।





