अमर उजाला, भिवानी के ब्यूरोचीफ सुरेश मेहरा के बारह वर्षीय पुत्र पुनीत मेहरा का रविवार को सड़क हादसे में निधन हो गया. पुनीत कल शाम को साइकिल से किसी काम से जा रहा था. चिडि़याघर मोड़ के पास रोडवेज बस ने उसकी साइकिल में धक्का मार दिया, जिससे पुनीत सड़क पर गिर गया और बस के नीचे आ गया. हादसे के बाद चालक व कंडक्टर बस छोड़कर भाग निकले. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोडवेज बस में जमकर तोड़फोड़ की.
सूचना मिलने पर पुनीत के परिजन तथा पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुनीत का अंतिम संस्कार सोमवार को उसके पैतृक गांव बेरला में किया गया. मुखाग्नि पुनीत के बड़े भाई ने दी. सुरेश मेहरा को दो ही पुत्र थे. पुनीत के अंतिम संस्कार के दौरान राज्य के मंत्री सतपाल सांगवान, विधायक घनश्याम सर्राफ, कांग्रेसी नेता संदीप खड़किया, पत्रकार नरेंद्र वत्स, पवन शर्मा, अजय मल्होत्रा, विजय तंवर, मनोज जांगड़ा, धर्मेन्द्र यादव समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे.





