गोरखपुर से नए लांच हिंदी दैनिक जनसंदेश टाइम्स से सात लोगों की अचानक छंटनी कर दी गई है. इन सभी को न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही कोई सेलरी. संपादक शैलेंद्र मणि के निर्देश पर सुशील वर्मा, अरुण गोरखपुरी, देवेंद्र नाथ दुबे, शाहीन्दा अब्बासी, दीपिका वर्मा, राधा शर्मा, फोटोग्राफर घनश्याम चतुर्वेदी को संस्थान से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. ये लोग कई महीनों से काम कर रहे थे. एचआर के लोगों ने इन्हें फोन कर कर के कहा कि अब आपको आफिस नहीं आना है. इन्हें आफर लेटर दिया था, लेकिन ज्वायनिंग लेटर आज तक नहीं दिया गया था.
निकाले गए लोगों का कहना है कि जब निकालना ही था तो नियुक्ति क्यों की. उधर, अखबार में वो लोग पड़े हुए हैं जिनको कंपोजिंग तक नहीं आती और वे अच्छी खासी सेलरी उठा रहे हैं. इसके पहले भी तेरह लोगों को अखबार से निकाला जा चुका है. डा. गायत्री त्रिपाठी, मार्केंडेय त्रिपाठी के अलावा चार चार अन्य नए पत्रकारों को निकाल दिया गया था. इस छंटनी से बाकी बचे लोगों में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि यहां नियुक्ति 75 लोगों की होनी थी लेकिन शैलेंद्र मणि ने रख लिया 125 लोग. अब उन पर खर्चे घटाने का दबाव पड़ रहा है तो एक एक करके लगभग दो दर्जन लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. निकाले गए लोगों का कहना है कि देर सबेर इसकी आह शैलेंद्र मणि को भी लगेगी.





