हिंदी दैनिक हिंदुस्तान से कुछ बड़े उलटफेर की चर्चाएं भड़ास के पास आई हैं. सूचना के मुताबिक पटना के एडिटर अक्कू श्रीवास्तव का तबादला दिल्ली किया जा रहा है. उनकी जगह संपादक और स्टेट हेड बनाकर हिंदुस्तान, आगरा के संपादक केके उपाध्याय को भेजा जा रहा है. आगरा में नया एडिटर पुष्पेंद्र शर्मा को बनाए जाने की सूचना है. पुष्पेंद्र अभी तक हिंदुस्तान, मेरठ के संपादक थे. अब मेरठ के संपादक अमर उजाला से इस्तीफा देकर आए सूर्यकांत द्विवेदी हो गए हैं.
इन बदलावों की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हो पाई है. पर कुछ विश्वस्त सूत्र कहते हैं कि निर्णय हो चुका है, केवल आदेश जारी होना बाकी है. पटना में अक्कू श्रीवास्तव को लेकर काफी दिनों से आंतरिक राजनीति तेज थी. नीतीश सरकार से रिश्ते को लेकर भी अक्कू श्रीवास्तव निशाने पर थे. बताया जा रहा है कि मीडिया मैनेज करने के मास्टर नीतीश कुमार किन्हीं कारणों से अक्कू श्रीवास्तव से खफा थे और अपनी नाराजगी हिंदुस्तान प्रबंधन तक पहुंचा दी थी.





