नोएडा। अमर उजाला के एक वरिष्ठ प्रबंधक की मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अखबार के नोएडा कार्यालय में जनरल मैनेजर (मैग्जीन) संतोष चौरसिया शाम 7 बजे के करीब सेक्टर 62 स्थित गुप्ता चौराहा पार कर रहे थे, जब एक सांड ने उन्हें टक्कर मारकर सड़क के बीचो-बीच गिरा दिया, जिससे वे सामने से आती एक कार से कुचले गए। यह हादसा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल के पास हुआ।
हादसे के वक्त संतोष अपने दो सहकर्मियों के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी सड़क किनारे आपस में लड़ रहे दो सांडों में से एक ने भागने के दौरान संतोष को धक्का मार दिया। इस धक्के से संतोष लड़खड़ा कर गिर पड़े। इसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार नैनो कार (नंबर-यूपी-14 बीएम 1622) ने उन्हें चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सेक्टर 58 थाना पुलिस ने पंचनामे के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। संस्थान के सूत्रों के मुताबिक, दिवंगत चौरसिया के शव को उनके गृहनगर मुज्जफरपुर भेजा जाएगा। वे मूल रूप से मुजफ्फरपुर के चकाबासु रमणा के रहनेवाले थे। संतोष फिलहाल गाजियाबाद के भौपुरा में रह रहे थे। उनकी दो साल पहले ही शादी हुई थी और वे यहां अपनी पत्नी और सात माह के बच्चे के साथ रह रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही अमर उजाला के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। उनकी मृत्यु से अमर उजाला परिवार शोकाकुल है।






