बिहार के बक्सर जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के समीप नेशनल हाइवे -84 पर बुधवार की देर रात घायल अवस्था में मिले प्रभात खबर के पत्रकार विवेक कुमार सिन्हा की हालत गंभीर बनी हुई है. उन्हें अब तक होश नहीं आया है. गोलम्बर स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में प्राथमिक चिकित्सा के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने पटना के लिए रेफर कर दिया था. जहां एक नामचीन डाक्टर के नर्सिंग होम में उनका उपचार चल रहा है. वे वेंटिलेटर पर जीवन मौत से जूझ रहे हैं.
उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है. हालत गंभीर बनी हुई है. पत्रकार सिन्हा अपने अखबार का काम निपटाकर बाइक से अपने गांव चुरामनपुर लौट रहे थे. इसी दौरान हुए हादसे में वे बुरी तरह जख्मी हो गए. काफी देर तक बेहोशी की हालत में वहीं पड़े रहे. कुछ परिचितों के देखने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था. उनके तमाम शुभचिंतक उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.
दूसरी घटना के बिहार के सिवान की है. जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुवहीं गांव में पूर्व मुखिया और उसके समर्थकों ने पत्रकार परवेज आलम को मारपीट कर घायल कर दिया. तरवारा गांव के रहने वाले पत्रकार परवेज आलम कुडवां पंचायत के मुखिया धर्मवीर सिंह उर्फ छोटन सिंह के कुवहीं स्थित घर पर बैठे हुए थे. इस दौरान हथियाई पंचायत के पूर्व मुखिया हसमुद्दीन खां व उनके पुत्र अरमान खां, कुडवा पंचायत के पूर्व मुखिया अली इमाम खां और उनके साथियों ने पत्रकार पर हमला बोल दिया.
इस मामले में बड़हरिया थाने में दोनों पक्षों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. हसीमुद्दीन खं ने पत्रकार परवेज आलम और धर्मवीर सिंह पर मोबाइल से रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. जबकि पत्रकार का कहना है कि तस्करी के लिए ले जाए जा रहे पशुओं को जब्त के मामले में हसमुद्दीन मेरे उपर पुलिस को सूचना देने का आरोप लगा रहे हैं. इसी आरोप में मुझपर जानलेवा हमला किया गया है. पुलिस ने हसमुद्दीन और पत्रकार परवेज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.





