नई टिहरी। टिहरी बांध पुनर्वास निदेशालय द्वारा देहरादून से प्रकाशित दैनिक जागरण के पत्रकार बालम सिंह तोपवाल को आवास आबंटित करने पर स्थानीय पत्रकारों एवं संबंधित संगठनों ने आक्रोश प्रकट किया है। साथ ही स्थानीय कुछ पत्रकारों को आवासों से वंचित रखने पर नाराजगी जताई है। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में पत्रकारों ने शिकायत की कि पुनर्वास निदेशालय द्वारा वर्षों से देहरादून में कार्यरत दैनिक जागरण के पत्रकार बालम सिंह तोपवाल को स्वामित्व सहित आवास आबंटित किया गया है। जबकि पुनर्वास नीति एवं शासन द्वारा पूर्व में घोषित पत्रकारों के लिए आवासीय नीति के मानकों में उक्त पत्रकार आवास का हकदार नहीं है।
पत्रकारों ने मांग की कि परोक्त पत्रकार के आवास आबंटन को तत्काल निरस्त किया जाए। ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि पूर्व से ही मुख्यालय में कार्यरत कुछ पत्रकारों को आवास आबंटन की प्रक्रिया लंबित है। पत्रकारों ने मांग की कि इन पत्रकारों को तत्काल आवास आबंटित किए जाएं। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि इन दोनों मांगों पर अगर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 21 अप्रैल से जिला मुख्यालय के सभी पत्रकार कलक्ट्रेट परिसर में बेमियादी आंदोलन शुरू करेंगे। जिलाधिकारी को मिले प्रतिनिधिमंडल में न्यू टिहरी प्रेस व जिला पत्रकार संघ के समस्त पदाधिकारी शामिल थे।





