: भाजपा का राष्ट्रीय सचिव भी है कैप्टन अभिमन्यु : छत्तीसगढ़ समेत कई जगहों से प्रकाशित होने वाले हिंदी दैनिक हरिभूमि के मालिक कैप्टन अभिमन्यू के घर-आफिस आदि जगहों पर इनकम टैक्स की टीमों ने छापेमारी की. कैप्टन अभिमन्यु भाजपा का राष्ट्रीय सचिव और पंजाब का प्रभारी भी है. कैप्टन के रोहतक स्थित निवास पर छापा मारा गया. आयकर विभाग की टीमों ने कल दिन भर उनके घर की तलाशी ली. दिल्ली और रोहतक की आयकर विभाग की टीम संयुक्त रूप से गुरुवार सुबह लगभग सात बजे रोहतक में सेक्टर 14 स्थित उनके निवास पर पहुंची.
लगभग आधा दर्जन गाड़ियों में आयकर विभाग के अधिकारी जांच टीम में शामिल थे. सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने घर में बारीकी से जांच की. इस दौरान घर से बरामद ज्वैलरी तथा अन्य संपत्ति की जांच के लिए दिल्ली से इवेल्युएटर की टीम बुलाई गई. दोपहर बाद लगभग ढाई बजे आयकर विभाग की टीम ने शहर से तालों की चाबी बनाने वाले एक मैकेनिक को बुलाया. जांच के दौरान टीम को जिन तालों की चाबी नहीं मिली, उन्हें तोड़ा गया.
यह परिवार राजनीति के अतिरिक्त कई अन्य कारोबार से जुड़ा है. इनमें छत्तीसगढ़ में कोयले का कारोबार प्रमुख है. कोयले की खदानों के साथ-साथ कैप्टन अभिमन्यु का परिवार होटल, ट्रांसपोर्ट, शिक्षण संस्थाएं, सीमेंट प्लांट, मीडिया से जुड़े व्यवसाय करते हैं. इंडस स्कूल और इंजीनियरिंग कॉलेज है. इस परिवार की हरियाणा में बड़ी फर्म है. कैप्टन अभिमन्यु के घर आयकर विभाग का छापा रोहतक शहर में चर्चा का विषय बना रहा. विशेषकर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म रहा. कुछ लोग इसे सामान्य जांच का हिस्सा बता रहे थे, तो कुछ कैप्टन अभिमन्यु के छत्तीसगढ़ के कोयले के कारोबार से मामले को जोड़ कर देख रहे थे.
जल्द ही पढ़ेंगे… कैप्टन अभिमन्यु के धंधे का काला सच (पार्ट दो)





