मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में निवेशकों की दिलचस्पी देखते हुए मीडिया क्षेत्र के दिग्गज अब प्राइवेट इक्विटी कंपनियों में जाने की योजना बना रहे हैं या युवा उद्यमियों को निवेश और परामर्श संबंधी सेवाएं देने के लिए अपना वेंचर फंड शुरू करने जा रहे हैं। बीते मंगलवार को नेटवर्क 18 के सीईओ हरीश चावला एक साझेदार के तौर पर इंडिया वैल्यु फंड एडवाइजर्स (आईवीएफए) में शामिल हो गए, जहां वह प्रमुख मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के निवेशों के साथ ही आईवीएफए के अन्य क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए भी जवाबदेह होंगे।
वर्ष 1999 में स्थापित आईवीएफए ने पूर्व में रेडियो सिटी, श्रीनगर फिल्म्स और डीक्यू एंटरटेनमेंट में निवेश किया है। अन्य दिग्गजों में वायाकॉम 18 के सीओओ और कलर्स के सीईओ राजेश कामत भी शामिल हैं, जिन्होंने चेरनिन समूह के सीए मीडिया को सीईओ (भारत) के रूप में ज्वाइन किया था। हाल में फेम सिनेमाज के प्रवर्तक श्रवण श्रॉफ ने अपनी हिस्सेदारी आइनॉक्स को बेचकर स्टारकॉम मीडियावेस्ट के पूर्व सीईओ और प्रबंध निदेशक रवि किरण के साथ एक उपक्रम वेंचरनर्सरी की शुरुआत की थी। श्रॉफ और किरण ने फंडिंग से पहले उपक्रमों को परामर्श सेवाएं देने के वास्ते उपक्रम शुरू किया था। शुरुआत में उनकी कंपनी छह क्षेत्रों मीडिया और मनोरंजन, खुदरा, ई-कॉमर्स, उपभोक्ता प्रौद्योगिकी, शिक्षा और क्लीनटेक पर ध्यान केंद्रित करेगी।
चावला इस रुझान की वजह बताते हैं, 'दो दशकों से मैं विभिन्न कंपनियों में परिचालन संबंधी भूमिका में हूं और कंपनियों की रोजाना की समस्याओं से जूझता रहा हूं। तजुर्बे के स्तर को देखते हुए कंपनियों में अग्रणी भूमिका में रहने के बजाय कोई भी ऐसा काम करना चाहेगा जहां इस चेन के विभिन्न कारोबारों में सलाह देकर योगदान किया जा सके।' पूर्व में यूटीवी के मोहित मेहरा ने सिनेमा कैपिटल वेंचर फंड और ऐसेंडो कैपिटल एडवाइजर्स में भी काम किया है। सुनामन सूद ऐसेंडो कैपिटल के सह-संस्थापक थे। इससे पहले सूद स्टार इंडिया की कारोबारी रणनीति और कारोबार विकास टीम का हिस्सा भी रहे।
बिजनेस स्टैंडर्ड में प्रकाशित वरदा भट्ट की रिपोर्ट.





