हिंदी दैनिक हरिभूमि के मालिक तथा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिमन्यु के रोहतक स्थित घर पर दिल्ली से आई आईटी की विशेष टीम दूसरे दिन भी डटी रही. लगभग 36 घंटों तक यह सर्च अभियान चला. बृहस्पतिवार को रातभर आयकर विभाग के अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे रहे. शुक्रवार की दोपहर बाद तक जांच जारी रही. अधिकारियों ने कैप्टन समेत परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की. आईटी की टीम जांच पड़ताल के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं. उनकी भी जांच की जाएगी.
जांच के बाद अधिकारियों ने पत्रकारों को कोई भी जानकारी नहीं दिया. कहा कि जांच अभी जारी है. जांच पूरी होने के बाद कुछ बताया जाएगा. माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में अवैध खनन व आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर आयकर विभाग की टीम ने यह छापेमारी की थी. शुक्रवार को दिल्ली से एक और टीम रोहतक पहुंची तथा जांच पड़ताल में जुट गई. टीम ने कई दस्तावेज दिल्ली मुख्यालय भेजी है. टीम में शामिल एक अधिकारी का कहना था कि महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं.
सूत्रों का कहना है कि कैग की रिपोर्ट के आधार पर यह छापामारी की गई है. कैग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि छत्तीसगढ़ में अवैध खनन से सरकार को करोड़ों का चूना लगाया गया है. इस अवैध खनन में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिमन्यु का नाम आया है. समझा जा रहा है कि आईटी की टीम जांच के बाद कुछ खुलासे कर सकती है. दूसरी तरफ कैप्टन अभिमन्यु ने पत्रकारों से बातचीत में इस कार्रवाई को राजनीति प्रेरित बताने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि सारी जानकारी इनकम टैक्स की टीम को दे दी गई है.





