सोनभद्र (यूपी) के राबर्टसगंज मार्केट में कुछ दुकानों में लगी आग की कवरेज करने गए मीडियाकर्मियों से व्यापारियों ने मारपीट की। शनिवार की सुबह राबर्टसगंज मार्केट में स्थित एक कटरे में ब्यूटीपार्लर की दुकान में आग लग गयी। थोड़ी ही देर में आग ने कटरे की अन्य दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी और मीडियाकर्मी भी। कटरे के अगले हिस्से की तरफ से ईटीवी, पी7 और साधना न्यूज के पत्रकार कवरेज करने लगे। इसी दौरान ईटीवी के पत्रकार ने एक दुकानदार से क्षति का ब्योरा पूछा जिस पर दुकानदार भड़क गया और नोकझोंक की नौबत आ गई।
इसी दौरान कई व्यापारियों ने मिलकर ईटीवी, पी7 और साधना न्यूज के पत्रकारों को पीटना शुरू कर दिया। इसमें ईटीवी के पत्रकार बुरी तरह घायल हो गए। तभी कटरे के पिछले हिस्से में कवरेज कर रहे महुआ न्यूज समेत कई अन्य चैनलों के पत्रकार भी आ धमके और बीच-बचाव किया। शर्मनाक बात यह रही की जब व्यापारियों द्वारा मीडियाकर्मी पीटे जा रहे थे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। इस घटना के बाद सोनभद्र के पत्रकारों के बढते आक्रोश को देखते हुए सीओ और कोतवाल ने कोतवाली में आरोपी व्यापारी द्वारा माफी मंगवाई। तब जाकर पत्रकारों ने अपना गुस्सा ठंडा किया। पूरी घटना इस बात की तरफ साफ इशारा करती है कि इस सरकार में पत्रकार कितना सुरक्षित है।





