रक्षामंत्री एके एंटनी ने कहा है कि पत्रकारों तथा गैर पत्रकारों के लिए बनाए गए मजीठिया वेज बोर्ड की सिफारिश जल्द लागू की जाएंगी. उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की शंका नहीं है, वेतन बोर्ड की सिफारिश जल्द ही वास्तविकता का रूप ले लेंगी. एंटनी त्रिवेंद्रम प्रेस क्लब के इंस्टीट्यूट आफ र्जनलिज्म के दीक्षांत समारोह में पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह बातें कहीं.
रक्षा मंत्री ने कहा कि मुझे इसे बात की खुशी है कि मंत्रिमंडल द्वारा मजीठिया वेतन बोर्ड की अनुशंसा लागू करने की सहमति के बाद प्रेस क्लब में आया हूं. एंटनी ने कहा कि बड़ी बाधा पार कर ली गई है, आगे के आवश्यक कदम भी जल्द ही उठाए जाएंगे. अन्य रुकावटें दूर करके इसे लागू कर दिया जाएगा. इसमें किसी प्रकार का संदेह नहीं होना चाहिए. गौरतलब है कि पिछले साल दिसम्बर से ही मजीठिया वेज बोर्ड की सिफारिशों को मानने की मांग पत्रकार तथा गैर पत्रकार के संगठन कर रहे थे.
सुप्रीम कोर्ट के इस मामले में कैबिनेट के फैसला लेने की सलाह के बाद बीते 25 अक्टूबर को मंत्रिमंडल ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी, जिसके बाद मजीठिया वेज बोर्ड लागू करने का रास्ता साफ हो गया है. सुप्रीम कोर्ट इस मामले में दिसम्बर में अपना निर्णय सुनाएगा.






