आजतक से खबर है कि सीनियर जर्नलिस्ट सोनिया सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. सोनिया सिंह एंकर कम डिप्टी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वे नोटिस पीरियड पर चल रही हैं. खबर है कि वे कहीं ज्वाइन नहीं करने जा रही हैं बल्कि एक ब्रेक लेने के इरादे से इस्तीफा दिया है. सोनिया सिंह लम्बे समय से आजतक में कार्यरत रही हैं. वे जी न्यूज को भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. वे आजतक का बिजनेस ब्यूरो संभाल रही थीं.
सोनिया सिंह आजतक के लिए एंकरिंग करने के साथ ही ऑटोमोबाइल प्रोग्राम को भी कवर कर रही थीं. इनका चक्के पर चक्का कार्यक्रम काफी लोकप्रिय रहा है. व्यापार प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिग्रीधारी सोनिया सिंह की गिनती आजतक के तेजतर्रार पत्रकारों में की जाती है. मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली सोनिया सिओल मोटर शो, पैरिस मोटर शो, जेनेवा मोटर शो के अलावा विदेशों में आजतक के लिए कई न्यूज इवेंट की कवरेज कर चुकी हैं. इस संदर्भ में जब सोनिया सिंह से बात की गई तो उन्होंने अपने इस्तीफे की पुष्टि की तथा बताया कि हायर स्टडी के लिए ब्रेक लिया है. काम के साथ पढ़ाई कर पाना संभव नहीं था, इसलिए ब्रेक लिया है.





