नईदुनिया से पिछले दिनों इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार कुमार नरेन्द्र सिंह उर्फ केएन सिंह पाक्षिक पत्रिका हलचल-हालचाल से जुड़ गए हैं. उन्होंने पत्रिका के संपादक के रूप में ज्वाइन किया है. कुमार नरेन्द्र सिंह नई दुनिया, दिल्ली में डिप्टी रेजीडेंट एडिटर के पद पर कार्यरत थे. प्रबंधन ने उनको टीम तैयार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी है. इस पत्रिका का प्रकाशन मई से शुरू होने की संभावना है.
केएन सिंह मुख्य धारा की पत्रकारिता में पिछले कई दशक से सक्रिय हैं. प्रिंट और इलेक्टॉनिक दोनों माध्यमों पर समान पकड़ रखने वाले नरेन्द्र सिंह प्रथम प्रवक्ता पत्रिका के फाउंडर एडिटर हैं. इंडिया न्यूज मैगजीन के कार्यकारी संपादक के रूप में भी लंबी पारी खेल चुके हैं. हिन्दी दैनिक राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला में वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. नईदुनिया ज्वाइन करने से पहले वे न्यूज चैनल हमार टीवी में चीफ कॉपी एडिटर और प्रोग्रामिंग हेड के रूप में कार्यरत थे.
हिंदीं-अंग्रेजी समेत कई भाषाओं पर अच्छी पकड़ रखने वाले केएन सिंह को केके बिड़ला फाउंडेशन फैलोशिप एवं आईआईई अमेरिकी फैलोशिप भी प्राप्त हो चुका है. इनकी एक किताब 'बिहार में निजी सेना का उदभव और विकास' छप चुकी है जबकि 'कवर स्टोरी' शीघ्र आने वाली है. नरेन्द्र सिंह मध्य प्रदेश में मोतीलाल बोरा और अर्जुन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में उनके मीडिया सलाहकार भी रह चुके हैं.





