भोपाल। सामाजिक सरोकार एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर अध्ययन एवं रिपोर्टिंग के लिए मध्यप्रदेश के पत्रकारों को दी जाने वाली विकास संवाद मीडिया फेलोशिप के लिए छह पत्रकारों का चयन किया गया है। पत्रिका भोपाल के सुदीप कुमार, इंदौर के आशुतोष पाठक और रतलाम के उदय मंडलोई, दैनिक भास्कर भोपाल के रोहित वर्मा, शरबानी बनर्जी और नवदुनिया सतना के अखिलेश शुक्ला को चुना गया है।
विकास संवाद मीडिया फेलोशिप के तहत् मध्यप्रदेश में पत्रकारों को विकास के मुद्दे पर लेखन व शोध के लिए प्रति वर्ष चयनित किया जाता है। सुदीप कुमार आदिवासी स्वास्थ्य, आशुतोष पाठक शिक्षा का अधिकार, उदय मंडलोई को विस्थापन के सांस्कृतिक-सामाजिक प्रभाव, रोहित वर्मा को बहिष्कार शरबानी बनर्जी को शिक्षा का अधिकार और अखिलेश शुक्ला बाल स्वास्थ्य एवं पोषण के मुददे पर काम करेंगे।
इन पत्रकारों का चयन वरिष्ठ पत्रकारों की एक चयन समिति ने किया। इस चयन समिति में वरिष्ठ पत्रकार एनके सिंह (संपादक, पीपुल्स समाचार भोपाल), अरविंद मोहन (वरिष्ठ विकास पत्रकार दिल्ली), अन्नू आनंद, वरिष्ठ विकास पत्रकार नई दिल्ली, अरूण कुमार त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार नई दिल्ली, डाउन टू अर्थ के संपादक रिचर्ड महापात्र, पुष्पेन्द्र पाल सिंह ( विभागाध्यक्ष, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि भोपाल) और चयन समिति के मेम्बर सेक्रेटरी वरिष्ठ पत्रकार राकेश दीवान शामिल थे।





