: प्रबल प्रताप सिंह ने इनपुट हेड के रूप में ज्वाइन किया : आजतक न्यूज चैनल से खबर है कि आईबीएन7 से इस्तीफा देने वाले प्रबल प्रताप सिंह ने कल ज्वाइन कर लिया. वे एक्जीक्यूटिव एडिटर (एसाइनमेंट) बने हैं. वे बतौर इनपुट हेड काम देखेंगे. अभी तक इनपुट का काम देख रहे वरिष्ठ पत्रकार शैलेश को प्रबंधन ने नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.
उनके नेतृत्व में हिंदी अखबार शुरू किया जाएगा. टीवी टुडे ग्रुप और लीविंग मीडिया ग्रुप (दोनों के मालिक अरुण पुरी) की तरफ से हिंदी अखबार लाने की चर्चाएं कई वर्षों से चल रही हैं पर उसे मूर्त रूप देने का काम अब शुरू किया गया है. शैलेश प्रिंट मीडिया में करीब पंद्रह वर्ष तक काम कर चुके हैं. वे नवभारत टाइम्स, रविवार, अमृत प्रभात जैसे अखबारों में काम कर चुके हैं.
वे लखनऊ में रहते हुए नवभारत टाइम्स में स्पेशल करेस्पांडेंट, रविवार में स्पेशल करेस्पांडेंट हुआ करते थे. बताया जा रहा है कि टीवी टुडे ग्रुप का हिंदी अखबार लाने में अगले तीन से चार महीने लग जाएंगे. शैलेश बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले हैं. आजतक न्यूज चैनल में वे कई वर्षों से वरिष्ठ पदों पर काम कर रहे थे.





