: मुंबई से अयोध्या तक जाएगा दस सदस्यीय दल : मुंबई : पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर मुंबई के पत्रकार नामदार राही मुंबई से अयोध्या की पर्यावरण यात्रा पर रवाना हो रहे हैं. नवभारत (मुंबई) के उपसंपादक राही की यह यात्रा 10 नवंबर से मुंबई के आजाद मैदान से रवाना होगी. महाराष्ट्र सूचना व जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक प्रहलाद जाधव इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे.
वरिष्ट पत्रकार राही हरित जीवन नाम की एक संस्था चलाते हैं और पर्यावरण के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए हरित जीवन नाम की पत्रिका भी इस संस्था की तरफ से प्रकाशित की जाती है. राही ने बताया कि यह यात्रा इगतिपुरी, नासिक, धुलिया, इंदौर, भोपाल, सागर, छतरपुर, बांदा, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी. मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले राही बताते हैं कि पर्यावरण प्रदूषण की वजह से वातावरण को गंभीर खतरा पैदा हो गया है. इसके प्रति जागरुकता पैदा करने की जरुरत है. इस यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी जाएगी और प्रदूषण के खतरों से अगाह किया जाएगा. इस यात्रा में राही के साथ करीब 10 लोगों की टीम होगी. उन्होंने कहा कि मैं अपने इस अभियान से धर्मगुरुओं, युवाओं, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को जोडऩा चाहता हूं.
मुंबई से विजय सिंह 'कौशिक' की रिपोर्ट.






