कराची। समाचारपत्र डॉन के पत्रिका विभाग के प्रमुख और वरिष्ठ सहायक संपादक मुर्तजा रजवी की आज सुबह तड़के कराची में हत्या कर दी गयी। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि मुर्तजा का शव डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) इलाके में एक आफिस अपार्टमेंट में पाया गया। पुलिस ने बताया कि मुर्तजा के हाथ बंधे हुए थे और उनके शरीर पर उत्पीड़न के निशान थे और जाहिर तौर पर उनका गला घोंटकर उन्हें मार दिया गया।
हालांकि पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही उनकी हत्या का सही कारण पता चलेगा। डॉन की खबर के अनुसार पत्रकार के परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। कल जुमे की नमाज के बाद उनके शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा।





