गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजमाग 58 पर गंगनहर पुल के समीप बुधवार सुबह बाईक सवार शातिर बदमाशों ने पेपर वितरण करके आ रहे एक हॉकर से चाकू की नोंक पर 27 सौ रुपये व अन्य कीमती सामान लूट लिया। पीड़ित द्वारा लूट का विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने प्रकरण की तहरीर थाने में दी है। पुलिस की जानकारी के अनुसार न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी अंकित उर्फ गुलशन गांव मनोटा, अबुपुर में अखबार वितरण का कार्य करता है।
बुधवार की सुबह करीब छह बजे गुलशन पेपर के पैसे लेकर वापस साईकिल से अपने घर लौट रहा था । जब वह राजमार्ग पर सिबली फैक्ट्री के समीप पहुंचा तो बाईक सवार तीन शातिर बदमाशों ने उसे इशारा कर रोका। हॉकर ने अखबार बेचने के लालच में साईकिल रोकी तो बदमाशों ने चाकू की नोक पर उसकी जेब में रखे 27 सौ रुपये, दो एटीएम कार्ड व अन्य कीमती सामान लूट लिया । जब हॉकर ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। हॉकर ने थाने में तहरीर दी है। वहीं थाना प्रभारी शाहनजर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।






