पाकिस्तान के 'डॉन' समाचार पत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार की उनके कराची स्थित आवास पर गुरुवार को हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि मुर्तजा रजवी का शव उनके डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में स्थित अपार्टमेंट में पाया गया। पुलिस ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने उनका गला दबाकर उनकी हत्या की है। उनके हाथ बंधे हुए थे और उनके शरीर पर मारपीट के निशान थे। रजवी 'डॉन' में वरिष्ठ सहायक सम्पादक व पत्रिका विभाग के प्रमुख थे।
उनके परिवार का कहना है कि रजवी की किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि वह पुलिस द्वारा हत्यारे को पकड़े जाने तक किसी प्रकार की अटकलें न लगाए। रजवी के घर में उनकी पत्नी व तीन बेटियां हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उनके शव को सुपुर्दे-ए-खाक किया जाएगा। मीडिया अधिकारों की रक्षा के लिए गठित समूह 'कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट' के मुताबिक पिछले साल पाकिस्तान में सात पत्रकारों की हत्या हुई थी। इस तरह बीते पांच सालों में यहां कुल 29 पत्रकार मारे गए हैं। (एजेंसी)






