वियना। इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट (आईपीआई) ने मलयाला मनोरमा समूह के द वीक पत्रिका के मुंबई स्थित कार्यालय और कर्मियों पर शिव सेना कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। इस संदर्भ में आईपीआई ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आईपीआई के कार्यकारी उप निदेशक एंथोनी मिल्स ने कहा कि वह द वीक के कार्यालय परिसर में हुए तोड़फोड़ और कर्मियों के प्रति हुई हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि वह प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यन्त निंदनीय तथा लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कारगर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि इससे लोगों तक यह संदेश जाएगा कि मीडिया के प्रति इस तरह के हमले करवाना लोकतांत्रिक समाज में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि अपनी कुछ मांगों को लेकर शिव सेना के अनुषांगिक संगठन भारतीय कामगार सेना के कार्यकर्ताओं ने द वीक के कार्यालय पर हमला कर दिया था.





