आनंद बाजार पत्रिका समूह और स्टार समूह के अलग होने के बाद स्टार न्यूज के एबीपी न्यूज बनने की आधिकारिक घोषणा पहले ही की जा चुकी है. इस बार आनंद बाजार पत्रिका समूह ने एबीपी न्यूज चैनल का लोगो भी जारी कर दिया है. नए लोगो को देखकर साफ लग रहा है कि एबीपी ग्रुप स्टार के ब्रांड लुक को भुनाने की कोशिश कर रहा है. नया लोगो स्टार न्यूज से मिलता जुलता नजर आ रहा है.
एबीपी न्यूज के कलर से लेकर लुक तक में स्टार न्यूज की परछाई नजर आ रही है. इस लोगो में आंशिक बदलाव यह हुआ है कि
स्टार की जगह एबीपी लिख दिया गया है तथा स्टार की जगह तीर के उपरी भाग जैसा निशान बनाया गया है. और स्टार न्यूज का स्टार चौड़ाई वाले हिस्से में होता था, पर इसमें तीर जैसा निशान उपर बनाया गया है. इस नए लोगो का कलर कंबिनेशन भी सफेद और नीला रखा गया है, जैसा स्टार न्यूज का था. सूत्रों का कहना है कि लोगो को स्टार न्यूज से मिलता जुलता इस लिए बनाया गया है ताकि नए सिरे से ब्रांड बनाने और लोगों को जानकारी देने की बजाय उन्हें बताया जा सके कि स्टार न्यूज का ही नाम बदल गया है. चैनल का टैग लाइन भी वही रखा गया है 'आपको रखे आगे'.





