हिंदी मीडिया जगत के कंटेंट फील्ड से आवाजाही की दो सूचनाएं हैं. अभी तक दैनिक भास्कर, राजस्थान में सेवा दे रहे हरिश्चंद्र सिंह के बारे में सूचना मिल रही है कि वे संस्थान से नाता तोड़कर अमर उजाला समूह के साथ जुड़ने वाले हैं. चर्चा है कि हरिश्चंद्र सिंह अमर उजाला, कानपुर के संपादक बनाए जाएंगे. दिनेश जुयाल का तबादला नोएडा में कांपैक्ट के प्रभारी के रूप में किए जाने से कानपुर में संपादक की कुर्सी अभी तक खाली पड़ी हुई है. कई लोगों का नाम संपादक के रूप में उछला पर किसी का फाइनल नहीं हुआ.
अब मालूम चल रहा है कि अमर उजाला प्रबंधन से हरिश्चंद्र सिंह की बातचीत तय हो चुकी है. उनका अमर उजाला कानपुर का संपादक बनना लगभग तय है. हरिश्चंद्र इलाहाबाद के रहने वाले हैं और पहले भी अमर उजाला में काम कर चुके हैं. वे कई अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं. मृदुभाषी, सरल और प्रतिभाशाली हरिश्चंद्र के अमर उजाला में आने से यह माना जा रहा है कि नई पीढ़ी के अनुभवों और सोच का लाभ समूह को मिलेगा.
उधर, एक अन्य जानकारी आउटलुक हिंदी मैग्जीन से है. यहां पर भाषा सिंह के फिर से नई पारी शुरू करने की सूचना है. आलोक मेहता के समय में भाषा सिंह आउटलुक हिंदी में थीं. जब आलोक मेहता ने इस्तीफा दिया और नई दुनिया में संपादक बने तो उनके पीछे पीछे भाष सिंह भी नई दुनिया पहुंच गईं. पर आलोक मेहता ने नई दुनिया से हटने से ठीक पहले भाषा सिंह समेत कई लोगों की छंटनी कर सड़क पर ला दिया. भाषा सिंह ने अब फिर से आउटलुक हिंदी के साथ काम शुरू कर दिया है. वामपंथी विचारधारा वाली भाषा सिंह लखनऊ की रहने वाली हैं. उनके पिता अजय सिंह भी पत्रकार हैं.






