भदोही में स्टार न्यूज के पत्रकार को थप्पड़ मारने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद लग रहा है आसाराम बापू का दिमाग ठिकाने पर आ गया है. सुल्तानपुर में प्रवचन कार्यक्रम में उन्होंने मीडिया वालों को मंच पर बुलाया, माला पहनाया तथा हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि इलेक्ट्रानिक मीडिया वालों को बापू आसाराम से बड़ा खतरा हो गया है. बापू इन मीडिया वालों को किडनैप करके ले गए तो कोई कुछ नहीं कर सकेगा. इसके बाद खुद हंसने लगे.
भदोही प्रकरण के बाद बापू के सुर बदल गए हैं. हालांकि शुरुआत में उनके कार्यक्रम के कवरेज को लेकर इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों एवं आयोजकों में तकरार भी हुआ परन्तु बापू के हस्तक्षेप के बाद उनके मीडिया प्रभारी ने सभी को मंच पर बुलाया और स्वागत किया. बापू अब लाल बत्ती लगी गाड़ी से भी नहीं चल रहे हैं. गौरतलब है कि आसाराम भदोही में स्टार न्यूज के पत्रकार रोहित को गाली देने के बाद थप्पड़ मारा था तथा समर्थकों से भी पिटवाया था, जिसके बाद पत्रकार ने उनके खिलाफ मुकदमा करा दिया था. आसाराम बापू के इस कृत्य की जमकर निंदा भी हुई थी.
राजुल निगम की रिपोर्ट.





